अजनर (महोबा)। ब्लॉक जैतपुर की ग्राम पंचायत बघौरा में चल रहे बजरंग क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। दौरिया क्रिकेट क्लब ने बघौरा क्रिकेट क्लब को हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दौरिया क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 15 ओवरों में नौ विकेट खोकर 135 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बघौरा क्रिकेट क्लब की टीम 11.4 ओवर में 120 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इससे दौरिया क्रिकेट क्लब ने 15 रनों से मुकाबला जीता। मैच के दौरान अंपायर की भूमिका सोनू व अंकित ने निभाई जबकि कमेंट्री जितेंद्र और पंकज ने की। स्कोरर की जिम्मेदारी जितेंद्र सेन ने संभाली। अंत में मुख्य अतिथि समाजसेवी संदीप राजपूत व बड़खेरा ग्राम प्रधान नीतू राजपूत ने विजेता टीम दौरिया क्रिकेट क्लब और उपविजेता बघौरा क्रिकेट क्लब को ट्रॉफी सौंपी। इस मौके पर टूर्नामेंट आयोजक भंवर राजा आदि मौजूद रहे।