पुलिस परेड ग्राउंड में जलता रावण व मेघनाथ का पुतला। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। जिले में विजयादशमी का पर्व श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया, मगर कोरोना संक्रमण के कारण इस वर्ष कहीं भी मेले का आयोजन नहीं हुआ। केवल परंपरा का निर्वहन कर रावण के पुतले का दहन किया गया।
शहर के परेड मैदान में प्रतिवर्ष विशाल दशहरा मेले का आयोजन होता रहा है, लेकिन इस बार मेले का आयोजन नहीं किया गया। परंपरा को निभाते हुए परेड ग्राउंड में रावण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। इस मौके पर मेला परिसर के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
भरुआसुमेरपुर संवाद के अनुसार कस्बा समेत ग्रामीण क्षेत्रों में लोग एक दूसरे के घरों में जाकर गले मिले और परंपरा के अनुसार एक दूसरे को पान खिलाकर खुशी का इजहार किया। विदोखर पुरई में काली माता मंदिर में सोमवार को कन्या भोज का आयोजन कराया गया। जिसमें गांव के दोनों समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया। मस्जिद के पेश इमाम समेत अन्य मुस्लिम भाइयों ने कन्या भोज में सहयोग किया।