एचएएमपी1 कोतवाली में खड़ी बरामद बाइकों के साथ आरोपी।
- फोटो : amar ujala
कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को अंतर जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सरगना समेत तीन को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 20 बाइकें भी बरामद की है। ये बाइकें हमीरपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात व जालौन जनपद से चुराई गई थीं।
कोतवाली क्षेत्र के कनौटा पौधशाला के पास गुरुवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने शीतलपुर की ओर जा रहे दो बाइकों से आए युवकों को रोक कर कागजात मांगे। दोनों बाइक सवार कागजात नहीं दिखा सके। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो बाइकों के चोरी का होने का खुलासा हुआ। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना परिचय जालौन जिले के कालपी थाना क्षेत्र के छौंक गांव निवासी मालिक सिंह उर्फ विशाल सिंह और इसी थाना क्षेत्र के सदर बाजार कस्बा निवासी जयनारायण उर्फ लल्ला पांडेय बताया है।
पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि कनौटा पौधशाला के पास चोरी की 18 बाइकें रखीं हैं। इस पर पुलिस ने पकड़े गए युवकों की निशानदेही पर पौधशाला से करीब सौ मीटर दूर जंगल में छापा मारा। यहां 18 बाइकें बरामद हुईं। मौके से जालौन जिले के टरननगंज निवासी संतोष मौर्या को गिरफ्तार किया। जबकि उसका साथी पंकज यादव भाग निकला।
शुक्रवार को एसपी दिनेश कुमार पी ने कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अंतरजनपदीय गिरोह का सरगना मालिक सिंह है। ये लोग हमीरपुर के अलावा कानपुर नगर, देहात, जालौन सहित आसपास के जिलों से बाइकें चोरी करते थे। बरामद बाइकों के 10 मालिकों के बारे में जानकारी मिल गई हैं। बाइक चुराने वालों के साथ ही उसे खरीदने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।