हमीरपुर (भरुआ सुमेरपुर)। जिले के सुमेरपुर स्थित फैक्टरी एरिया बदहाल है। यहां लगी होर्डिंग्स में दर्शाए गए पार्क धरातल से गायब हैं। कर्मचारियों के लिए बना अस्पताल व आवासीय भवन जर्जर हैं। औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नालियां, पुलिया टूटी व स्ट्रीट लाइटें गायब हैं। शाम होते ही सड़कें अंधेरे में डूब जाती हैं। बरसात में उद्यमियों को जल भराव से जूझना पड़ता है। प्रशासन का दावा है कि यहां उद्यमियों का रुख बढ़ा है। कुछ इकाइयों को छोड़ दें तो शेष केवल भूमि आवंटन तक ही सीमित हैं। इसका मुख्य कारण यहां सुविधाओं का अभाव है।
कस्बे में औ्द्योगिक क्षेत्र 1980 के दशक में स्थापित किया गया। इसके लिए किसानों की 300 हेक्टेयर उपजाऊ जमीन अधिग्रहित की गईं। विभाग ने इस जमीन को अलग-अलग कार्यों में उपयोग के लिए निर्धारित किया था। यूपीसीडा के नक्शे के अनुसार उद्योग लगाने के लिए 199 प्लाटों के लिए 129.56 हेक्टेयर, विभागीय कार्यालय एवं आवास के लिए 3.38 हेक्टेयर, सात पार्कों के लिए 13.17 हेक्टेयर, सड़कों के लिए 28.35 हेक्टेयर तथा हाउसिंग क्षेत्र के लिए 26.38 हेक्टेयर जमीन आवंटित हुई थी।
शुरुआती दौर में बिजली एवं टैक्स छूट के चलते करीब एक सैकड़ा उद्योग स्थापित हुए। वहीं, आवासीय क्षेत्र में बनाए गए दो मंजिला अस्पताल, बच्चों के लिए स्कूल, सब्जी, सामान आदि की दुकानों के साथ आवास निर्मित कराए गए। अधिकारियों की लापरवाही के चलते एक दशक बाद आवासीय क्षेत्र में अराजकतत्वों का जमावड़ा लगने लगा। यहां के आवासों, स्कूल एवं अस्पताल के खिड़की-दरवाजे चोरी होने लगे। खंभों के तार स्ट्रीट लाइटें तक गायब हो गईं। सड़कें भी पूरी तरह ध्वस्त हो गई हैं। यही कारण है कि चार दशक बाद यह इंडस्ट्रीज एरिया पूरी तरह से बर्बाद हो गया।
पिछले वित्तीय वर्ष में सड़कों के मरम्मत के लिए श्री नारायण कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर कंपनी को ठेका दिया गया था। इसके लिए यूपीसीडा 3.37 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। खराब लाइटों की मरम्मत के लिए यूपीसीडा ने 1.46 करोड़ रुपये आवंटित कर यह कार्य राजीव कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा था। लेकिन व्यवस्था में अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ।
————————-
सड़क ध्वस्त, नालियों में जलभराव
- उनकी फैक्टरी के पीछे रेलवे साइड की सड़क पूरी तरह से ध्वस्त है। इससे वाहन निकलना मुश्किल है। वहीं, नालियों की साफ-सफाई न होने से जल भराव के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
मनोज गुप्ता, मैनेजर, रिमझिम इस्पात
—————————
नालियां ध्वस्त और सड़कों पर छाया रहता अंधेरा
उनकी साइड की नालियां पूरी तरह से ध्वस्त हैं। इससे बरसात में जल भराव की समस्या बनी रहती है। साथ ही सड़कों में स्ट्रीट लाइटें न जलने से अंधेरा छाया रहता है।
आशीष निगम, मां पीतांबरा इंडस्ट्रीज, कारोबारी
रिमझिम एवं यूनिलीवर ने कस्बे को दी पहचान
औद्योगिक क्षेत्र में संचालित रिमझिम इस्पात एवं हिंदुस्तान यूनिलीवर ने कस्बे का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर रोशन कर दिया है। रिमझिम इस्पात ने जहां अपनी स्टील से बने वायर, रॉड सहित अन्य उत्पादों ने अपनी धाक जमा रखी है। वहीं यूनिलीवर के रिन साबुन, व्हील पाउडर, पियर्स सोप, सर्फ आदि उत्पाद ने कस्बे को उद्योग नगरी का दर्जा दिलाया है। इससे जुड़ी जुड़ी अमित पैकेजिंग, बीम प्रोडक्ट एंड सर्विस, बीम इंडस्ट्रीज, बजरंग पोल्स, सुदर्शन फैक्टरी, जूही एलाइज, हंस मेटल, मां पीतांबरा इंडस्ट्रीज, मां पीतांबरा मोटर्स सहित करीब 20 फैक्ट्रियां संचालित हैं। इन फैक्टरियों में करीब पांच हजार लोगों को रोजगार मिला हुआ है ।
- बारिश के चलते सड़कें खराब हो गई हैं। नालियां आदि जो टूटी हैं, उन्हें ठीक कराया जाएगा। पूर्व में काम कराए जा चुके हैं। पूरे साल के मरम्मत कार्य के लिए एक बार टेंडर होता है। इसके बाद साल भर जरूरत के हिसाब से मरम्मत कराई जाती है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
- बीबी सिंह सहायक अभियंता यूपीसीडा।
फोटो 07 एचएएमपी 02- सुमेरपुर औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कें। संवाद
फोटो 07 एचएएमपी 02- सुमेरपुर औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कें। संवाद
फोटो 07 एचएएमपी 02- सुमेरपुर औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कें। संवाद
फोटो 07 एचएएमपी 02- सुमेरपुर औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कें। संवाद