हमीरपुर। ललपुरा थानाक्षेत्र के पौथिया गांव में बीते दस अप्रैल को ज्वैलर्स दुकान में हुई डकैती के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। जबकि तीन आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस ने करीब सवा चार लाख का माल भी बरामद किया है। मामले का खुलासा एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को पुलिस महानिरीक्षक ने 50 हजार का नगद पुरस्कार दिया है। साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस अधीक्षक के.के दीक्षित ने बताया कि ललपुरा थानाक्षेत्र के पौथिया गांव निवासी शील कमल घर में ही ज्वैलरी की दुकान किए है। बताया कि बीते 10 अप्रैल की रात सात आठ अज्ञात लोगों ने दुकान के गेट का ताला काटकर सोने व चांदी के जेवर व कुछ नगदी तथा मोबाइल फोन लूट कर ले गए। विरोध करने पर पीड़ित को बटो से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में ललपुरा पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ डकैती मुकदमा दर्ज किया था।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए उनके निर्देश पर टीमें गठित की गई। मामले की जांच व विवेचना में नौ अभियुक्तों का नाम प्रकाश में आया। गुरुवार की देर शाम पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान बजेहटा मोड़ के पास से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि तीन आरोपी भागने में सफल रहे। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग भी की। इनके पास से डकैती में ले जाई गई नगदी, मोबाइल व हथियार मिले। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई ज्वैलरी कीमत चार लाख 30 हजार बरामद किया गया है।
पकड़े गए आरोपी
शीनू कंजड़, नंदू उर्फ पवन कंजड़ व दीपक कंजड़ सभी निवासी मोहल्ला तोपखाना उरई जनपद जालौन, अरविंद कंजड़ निवासी कांशीराम कालोनी उरई जनपद जालौन, अशोक उर्फ करिया कंजड़ निवासी मोहल्ला लहरियापुर उरई जनपद जालौन, दान सिंह निवासी शीतला मंदिर के पास नया पटेल नगर उरई जनपद जालौन शामिल है। जबकि मीनू उर्फ अभय कंजड़ निवासी मोहल्ला तोपखाना उरई जनपद जालौन, बच्चू निवासी लक्ष्मी मंदिर के पास रामनगर झांसी रोड उरई जनपद जालौन व अजय उर्फ कलुवा निवासी मोहल्ला लहरियापुर उरई जनपद जालौन फरार है।
आरोपियों के खिलाफ दर्ज है कई मुकदमे
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अलग अलग थानों में कई मामले दर्ज है। अरविंद कंजड़ व अशोक उर्फ करिया के खिलाफ कानपुर देहात जनपद के अकबरपुर व मूसानगर तथा जालौन के उरई कोतवाली में चोरी लूट राहजनी आदि के कई मामले दर्ज है। जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ ललपुरा में डकैती सहित अन्य मामले दर्ज है। वहीं फरार आरोपियों के खिलाफ भी अलग अलग थानों में कई मामले दर्ज है।