सीएम अखिलेश यादव और उनकी पत्नी सांसद डिंपल यादव के खिलाफ व्हाट्स-एप पर अभद्र मैसेज पोस्ट करने पर पुलिस ने रविवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। सपा छात्रसभा के जिलाध्यक्ष की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सपा छात्रसभा के जिलाध्यक्ष संजयवीर सिंह उर्फ बीटू यादव ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि किंग रोड निवासी राहुल पुत्र सत्यप्रकाश उर्फ श्याम ने उसके व्हाट्स-एप नंबर पर मुख्यमंत्री और कन्नौज की सांसद डिंपल यादव को लेकर अभद्र मैसेज पोस्ट किया।
बताया कि मैसेज इतना गंदा था कि उसे पढ़कर कोई भी व्यक्ति शर्मसार हो जाए। इस मामले में सपा नेता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाल पीके यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ किसी सम्मानित व्यक्ति को अपमानित बातें प्रेषित करने या बोलने की धारा (67/67- ए) और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार की दोपहर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। उधर, आरोपी राहुल का कहना है कि उक्त मैसेज उसके मोबाइल पर किसी और के नंबर से आया था। पार्टी नेताओं को सूचना देने की वजह से उसे संजयवीर के मोबाइल पर फारवर्ड किया था।