फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुना पुल पर दरार, भारी वाहन रोके

Sat, 20 Jun 2015 12:30 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/हमीरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग-86 पर स्थित यमुना नदी के पुल की बीम में दरार आने से शुक्रवार को स्लैब धंस गई। इससे भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। सिर्फ बसों और हल्के वाहनों को ही आने जाने दिया गया। भारी वाहनों को मूसानगर की ओर रवाना किया गया। हाइवे का निर्माण करा रही पीएनसी कंपनी के अधिकारी पुल की बीम डैमेज होने की वजह ओवरलोडिंग बता रहे हैं।
विज्ञापन


जिले में स्थित यमुना ब्रिज जर्जर हालत में है। निर्माण के समय बीच में बीम न डाले जाने से यह हर साल टूट रहा है। वर्ष 2009 से अब तक पुल पांच बार डैमेज हो चुका है। इसके चलते महीनों आवागमन में कठिनाई झेलनी पड़ती है।

शुक्रवार को सुबह राहगीरों ने पुल की कोठी नंबर दो की बीम धंसने की सूचना दी। इससे शहर के लोगों का हुजूम पुल पर एकत्र होने लगा। दिन में करीब 10 बजे तक वाहनों का आवागमन जारी रहा।
विज्ञापन


सूचना पर एडीएम कुंज बिहारी गुप्ता पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया। सिर्फ हल्के वाहनों और बसों को ही निकलने की इजाजत दी गई। इससे हाइवे के दोनों ओर सैकड़ों वाहन खड़े रहे और बेतवा पुल से लेकर मौदहा कस्बे तक भीषण जाम लग गया।

भरुआसुमेरपुर व राठ की ओर से आने वाली बसें बेतवा पुल पर फंसने से यात्री भूख-प्यास से परेशान रहे। दिन में करीब एक बजे मंडलायुक्त कल्पना अवस्थी और जिलाधिकारी संध्या तिवारी भी जाम में फंस गईं।

इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और बेतरतीब खड़े वाहनों को सीधा कराया तब कहीं आवागमन शुरू हो सका। रोडवेज डिपो के एआरएम केपी सिंह का कहना है कि उनकी बसें आ जा रही हैं।

उधर हाइवे का निर्माण कराने के साथ टोल टैक्स वसूल रही पीएनसी कंपनी के अवर अभियंता मनीष सिंह का कहना है कि फिलहाल भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई  गई है। इंजीनियरों की टीम देर शाम तक आ जाएगी। शनिवार से डैमेज पुल के हिस्से पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें