लोहिया गांव नारायच में मंडलायुक्त की चौपाल में दो पक्षों की तनातनी को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के खिलाफ बीट लिखाने के साथ ही जांच कर कठोर कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। वहीं गांव के कोटेदार व राजस्व निरीक्षक के खिलाफ हुई शिकायतों पर हटाने के निर्देश पर भी अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।
शनिवार देर शाम नारायच लोहिया गांव पहुंचे मंडलायुक्त एल वेंकटेश्वर लू ने हल्की बारिश के बीच चौपाल लगाई थी। इसी दौरान पुराने मामले में एक पक्ष ने अपनी बात रखनी चाही तो दूसरे पक्ष ने पकड़कर पीछे खींच लिया। जिससे दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। जिससे बीच महिलाएं झगड़ा होने की आशंका से जाने लगीं।
तब मंडलायुक्त ने शांत किया था। कोतवाल घनश्याम पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की पहचान कर इनके विरुद्ध शांतिभंग करने की बीट लिखा दी गई है। संबंधित क्षेत्र के थानेदार ने जांच शुरू कर दी है। इसी के बाद इन पर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, चौपाल में गांव के कोटेदार पर राशन में गड़बड़ी किए जाने व पात्रों को राशन न देने के साथ क्षेत्र के कानूनगो पर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को नजरअंदाज करने संबंधी शिकायतें हुई। पेयजल की समस्या बताई कहा गया कि हैंडपंपों को कुछ लोगों ने दीवार बनाकर घेर लिया है।
जिस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। सीडीओ अवधेश बहादुर सिंह को निर्देश दिए कि सभी हैंडपंपों के सोख्ता बनवाएं। जिन्होंने अभी तक नहीं बनवाए हैं उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। वहीं उपजिलाधिकारी किशोर गुप्ता ने बताया कि मंडलायुक्त के आदेश पर कोटेदार की जांच के बाद आम सहमति से कोटे की नई दुकान का आवंटन किया जा रहा है। संबंधित राजस्व निरीक्षक को भी हटाने की कार्रवाई शीघ्र अमल में लाई जाएगी।