400 एमबीबीएस छात्रों के साथ धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार छांयसा स्थित गोल्ड फील्ड मेडिकल कॉलेज की चेयरमैन शशि अदलखा को रविवार को अदालत में पेश किया गया।
वहां से उन्हें नीमका जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए अदलखा को छह दिन की रिमांड पर लिया हुआ था। बता दें कि छायसां थाना पुलिस को मेडिकल एजूकेशन एंड रिसर्च डिपार्टमेंट के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने 13 मई को शिकायत दर्ज कराई थी।
जिसके बाद पुलिस ने 12 जून को चेयरमैन को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि मोठूका गांव स्थित गोल्ड फील्ड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च सेंटर की प्रबंधन कमेटी ने छात्रों को विश्वास में लेकर दाखिला दिया था।
लेकिन आर्थिक गड़बड़ी का बहाना मारकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और उनसे करोड़ों रुपये लेकर कॉलेज बंद कर दिया। जिससे एमबीबीएस के 400 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया। जांच अधिकारी सज्जन कुमार के मुताबिक अदालत के आदेश पर रविवार को आरोपी को पेश किया गया। जहां से उसे नीमका जेल भेज दिया गया।