कस्बे में मुनीम के साथ सरेआम तीन लाख की लूट के खुलासे को लेकर
व्यापारियों में खासा आक्रोश है। व्यापारियों ने 48 घंटे मंे खुलासा न होने
पर बाजार बंदकर आंदोलन करने की धमकी दी है। उधर, तीन दिन के भीतर हुई दो
लूट की घटनाओं का मामला शुक्रवार को एसपी की अपराध
समीक्षा बैठक में छाया रहा। बैठक में जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने कहा कि
एक सप्ताह के भीतर दोनों घटनाओं का खुलासा कर दिया जाए।
बुधवार को
प्रीति ट्रेडिंग कंपनी के आढ़ती रामकुमार गुप्ता के मुनीम रामऔतार राजपूत
ने एसबीआई शाखा राठ से तीन लाख रुपये निकाले और बस से मुस्करा बस स्टैंड
तिराहे पर उतर तीन लाख रुपयों से भरा थैला हाथ में लेकर पैदल गल्ला मंडी
की ओर चलने लगा। तभी पीछा कर रहे दो अज्ञात बाइक सवार लुटेरे रुपयों से भरा
बैग छीनकर भाग निकले।
इस घटना का पर्दाफाश पुुलिस नहीं कर सकी है। इस
मामले में गल्ला व्यापार संघ के अध्यक्ष मोनू अग्रवाल के नेतृत्व में
व्यापारियों ने बैठक कर घटना की निंदा की। व्यापारियों ने एकजुट होकर
निर्णय लिया कि अगर 48 घंटे के अंदर घटना का पुलिस खुलासा नहीं करती है तो
वह लोग बाजार बंद कर आंदोलन करेंगे। वहीं पुलिस घटना के खुलासे को हाथ पैर
मार रही है। पुराने आधा दर्जन अपराधियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा
रही है।
शुक्रवार को पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित मासिक अपराध
समीक्षा बैठक में बीते दिनों मुस्करा व सुमेरपुर के पास हुई लूट की घटनाएं
छाई रहीं। एसपी को दिए निर्देश में
कहा कि हरहाल में एक सप्ताह के भीतर दोनों घटनाओं का खुलासा कर दिया जाए।
शुक्रवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी डीपी सिंह ने भी सभी
थानेदारों की नकेल कसते हुए एक सप्ताह के भीतर बदमाशों की गिरफ्तारी व
घटनाओं के अनावरण करने के निर्देश दिए है।