चित्रकूट धाम मंडल बांदा के डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी ने सोमवार सुबह पुलिस लाइन सभागार में जिले के थानेदारों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की। त्यौहारों के मद्देनजर पुलिस को चौकस रहने के निर्देश दिए।
वहीं जिले के विभिन्न थानों में होने वाले अपराधों के बारे में जानकारी ली। बैठक के बाद उन्होंने पुलिस लाइन के विभिन्न विभागों का निरीक्षण भी किया।
डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी सुबह मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने लोनिवि के डाक बंगलेे में पुलिस अधीक्षक डीपी सिंह व एएसपी आदित्य प्रकाश वर्मा से मुलाकात की। इसके बाद डीआईजी पुलिस लाइन सभागार पहुंचे। जहां उन्होंने थानेदारों के साथ बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था का हाल जाना।
थानेदारों से परिचय लेने के बाद उन्होंने एक-एक थानेदार से उनके क्षेत्र के गांवों और हिस्ट्रीशीटरों की जानकारी ली। थानेदारों से पूछा कि उनके क्षेत्र में किस तरह का अपराध है या होता है। इसके बाद डीआईजी ने शासन के आठ बिंदुओं के अभियान की समीक्षा भी की।
डीआईजी ने थानेदारों से कहा कि थाने में आने वाले हर पीड़ित की शिकायत दर्ज की जाए और उससे नरमी से पेश आए। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम, यातायात कार्यालय, अर्दली रूम का निरीक्षण किया। यातायात विभाग के कार्यालय की जगह छोटी होने पर डीआईजी से नाराजगी जाहिर की।
निरीक्षण के समय एसपी डीपी सिंह, एएसपी आदित्य प्रकाश वर्मा, सदर सीओ बीएन राय, प्रतिसार निरीक्षक दलवीर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।