गुरुवार की रात हमीरपुर रोड स्थित 132केवीए पावर स्टेशन में लगे 40एमबीए के दो ट्रांसफार्मरों में एक में तकनीकी खराबी आने से आठ पावर स्टेशनों से जुड़े करीब 150 गांवों की विद्युत आधी रात से ठप हो गई।। जिससे कसबा सहित 33केवीए गोहांड, नौरंगा, ममना, खेड़ासिलाजीत, मुस्करा पावर स्टेशनों की बिजली गुल हो गई। राठ और सरीला तहसील आधी रात से अंधेरे में डूब गई। पावर स्टेशन के अधिकारी दोपहर तक किसी तरह से एक ट्रांसफार्मर चालू कर सके।
कसबे के 132 केवीए पावर स्टेशन में लगे 40-40 एमवीए के दो ट्रांसफार्मरों से राठ और सरीला तहसील के सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। गुरुवार की रात 1 बजकर 5 मिनट पर स्टेशन पर लगा ट्रांसफार्मर नंबर 2 अचानक खराब हो गया। ट्रांसफार्मर के खराब होने 132 केवीए स्टेशन ठप हो गया।
जिससे कसबे के अलावा जराखर, मझगवां, टोला, जरिया, चंडौत, गहरौली, बिहूनी, धनौरी, धमना, टिकरिया, नौरंगा, स्यावरी, गोहांड, चिकासी, रिहुंटा सहित करीब डेढ़ सौ गांव अंधेरे में डूब गए। 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल होने से लोग पानी के लिए परेशान हो उठे।
सूचना पर 132 केवीए पावर स्टेशन के अधिशाषी अभियंता रामकृष्ण, एसडीओ संतोष कुमार, जेई सुधीर कुमार, विद्युत वितरण खंड के एसडीओ ज्ञानेश कुमार, जेई भूपसिंह पावर स्टेशन पहुंच गए। पारेषण टीम ने ट्रांसफार्मर का निरीक्षण किया तो पाया कि ट्रांसफार्मर नं. 2 हीट हो गया था। पावर कारपोरेशन के अधिकारी उसे दुरुस्त करने में जुट गए। दोपहर करीब 2 तक एक ट्रांसफार्मर से वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर कसबे और ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई। मुस्करा प्रतिनिधि के अनुसार, पावर कारपोरेशन के अवर अभियंता आलमगिरि अंसारी ने बताया कि राठ स्थित 132 पावर हाउस में लगा 40 एमबीए का ट्रांसफार्मर तकनीकी खराबी के चलते गुरुवार की देर रात जवाब दे गया।