मोरचरी हाउस में रोते बिलखते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
अलग-अलग हुई दो मार्ग दुर्घटनाओं में एक छात्र समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां छात्र व एक युवक की इलाज दौरान मौत हो गई। दोनों घटनाओं में युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। महोबा जिले के खन्ना
थानाक्षेत्र के मवईखुर्द गांव निवासी शाहिद सिंह उर्फ विक्की (20) पुत्र इंद्रपाल सिंह बिवांर थानाक्षेत्र के निवादा गांव स्थित अपनी मौसी स्नेहालता के यहां बहन व भाई आदित्य के साथ रहता था। शाहिद निवादा स्थित अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय का छात्र था। मंगलवार को द्वितीय पाली में
पेपर देने के बाद वह अपने साथी महेंद्र (21) पुत्र सुरेश सिंह चंदेल निवासी निवादा के साथ मोबाइल रिचार्ज कराने छानी गांव गया था। रात करीब आठ बजे दोनों लोग बिना हेलमेट के बाइक से छानी से निवादा जा रहे थे तभी रास्ते में जंगली जानवर के आ जाने से उनकी बाइक टकरा गई। बाइक चला रहा छात्र
शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसके साथी को मामूली चोटें आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने शाहिद को मृत घोषित कर दिया।दूसरी घटना मुख्यालय के हाइवे स्थित लक्ष्मीबाई तिराहे पर बुधवार की सुबह 11 बजे घटी। कोतवाली के
भिलावा गांव निवासी अनीस (22) पुत्र स्व.हरीकिशन निषाद अपने साथी राजपाल (20) पुत्र जागेश्वर व कामता (19) पुत्र शिवला के साथ बाइक से पेट्रोल डलवाने लक्ष्मीबाई तिराहे के पास पेट्रोल पंप जा रहे थे तभी विमल नर्सिंग होम के पास पीछे की ओर से आर रहे अनियंत्रित ट्रक के चालक ने टक्कर मार दी।
जिसमें तीनों घायल हो गए। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पीछे बैठे अनीस के गंभीर चोटें होने पर उसकी इलाज दौरान मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई नरेश ने बताया कि तीन भाईयों में अनीस दूसरे नंबर का था। बताया कि पिछले साल उसके भाई की शादी हुई थी। बताया कि वह लोग
ननिहाल में नाना रामप्रसाद के यहां रह कर मजदूरी करते है। इस घटना से मृतक के मामा रमेश कुमार को सदमा लगने से वह अचेत हो गए। जिन्हे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।