भरुआ सुमेरपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में दलित परिवार ने बेटियों के साथ आएदिन छेड़छाड़ से परेशान होकर गांव छोड़ दिया था। इसके बाद भी शोहदे ने हरकत बंद नहीं की। कस्बे में आकर युवती के साथ छेड़खानी का प्रयास किया। इससे परिवार की सभी बेटियों ने मिलकर शोहदे को जमकर मारापीटा और घसीटते हुए थाने में लाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थानाक्षेत्र के अतरैया गांव निवासी एक दलित परिवार की युवती को युवक अनुराग प्रताप सिंह उर्फ अन्नू आए दिन परेशान करता था। इस पर परेशान होकर पूरा परिवार कस्बे में आकर रहने लगा। 16 अप्रैल को युवती की शादी भी हो गई लेकिन ससुराल से वापस आने की जानकारी मिलते ही युवक बीती रात 9:30 बजे कस्बे में उसके घर पहुंच गया और छेड़खानी करने लगा। इस पर सभी बेटियाें ने हिम्मत कर इस शोहदे को दबोचकर जमकर मारापीटा। इसके बाद सभी बेटियां शोहदे को घसीटते हुए थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। कस्बा इंचार्ज गोपाल अवस्थी ने बताया कि उसे जेल भेज दिया गया है।