नगर की सब्जी मंडी में रविवार दोपहर गैस सिलिंडर लीकेज होने से लगी आग में छह दुकानें जल गईं। इससे अफरा-तफरी मच गई। फायरब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय व्यापारियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में छह लाख रुपये से ज्यादा के नुकसान का अनुमान है। इधर, दमकल की बड़ी गाड़ी तीन घंटे बाद आने पर लोगों में रोष है।
कस्बे के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के गेट के पास से थोक सब्जी मंडी शुरू होती हैं। यहां जिला पंचायत की आधा दर्जन से अधिक दुकानें हैं जिन्हें सब्जी दुकानदार किराये पर लिए हैं। इन्हीं दुकानों से लगे बांस बल्ली के टट्टर की दर्जनों सब्जी व फल विक्रेताओं की थोक की दुकानें हैं।
मंडी में ही अमित वर्मा चाय की दुकान है। वह रविवार सुबह करीब साढे़ ग्यारह बजे गैस के छोटे सिलिंडर से चूल्हे पर दूध पका रहा था। तभी गैस रिसाव से आग लग गई और कुछ ही देर में सिलिंडर फट गया। इससे आसपास की दुकानों में आग फैल गई। आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग विकराल हो गई। इसी बीच यह अफवाह फैली कि एक दुकान में सिलिंडर और रखा है। लेकिन किसी ने वहां जाने की हिम्मत नहीं की। इसी बीच पुलिस व दमकल को सूचना दी गई। दमकल की कुछ देर बाद छोटी गाड़ी तो आ गईं। लेकिन बड़ी गाड़ी के न आने से पानी की उचित व्यवस्था न होने से आग बेकाबू होती गई।
इसके बाद फायरकर्मियों, पुलिस और स्थानीय व्यापारियों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया। तीन घंटे बाद बड़ी दमकल की गाड़ी आने पर आग पर काबू पाया जा सका। कोतवाल राजीव कुमार मिश्रा के साथ सिपाहियों ने जाबाजी दिखाकर पानी की कमी होने के बावजूद आग को आगे बढ़ने से रोक दिया।
दुकानदार शफीक उर्फ सप्पू पुत्र मुमताज के 23 क्विंटल कद्दू, 200 खाली बोरा व डेढ़ दर्जन कैरेट तथा दुकान की शटर सहित अन्य सामान जलने से करीब एक लाख की क्षति हुई है। साझे में दुकानदारी कर रहे मुस्तकीम पुत्र रसीद व बिंदावन पुत्र रामगोपाल की 30 क्विंटल शक्कर, 28 क्विंटल केला, बारदाना जलने से सवा दो लाख के नुकसान अनुमान है। वहीं इदरीश पुत्र इमामिन की दुकान में 95 हजार रुपये कीमत का रखा खजूर जला है। साथ ही डेढ़ क्विंटल फल नष्ट होने से डेढ़ लाख की क्षति का अनुमान है। उधर, अमित वर्मा पुत्र सेवा की चाय दुकान का टीन टप्पर आदि जलने से बीस हजार की क्षति का अनुमान है।
महिला दुकानदार चुन्नी पत्नी कैलाश का दुकान में ही शादी का सामान रखा था उसके जलने से तकरीबन एक लाख की क्षति हुई है। इसी के निकट अकरम कुरैशी का बारदाना जलने से 35 हजार की क्षति का अनुमान है। वहीं आग से प्रभावित सलमा पत्नी शेरअली का प्याज व ममता पत्नी रमाशंकर की एक ट्राली प्याज व सब्जी बर्बाद हो गई।