स्वारघाट (बिलासपुर)। जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। रविवार को सुबह दस बजे चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर रछोह पुली के पास चार ट्रकों में टक्कर हो गई।
हालांकि हादसे में किसी को गंभीर चोटें नहीं आई है। लेकिन, हादसे के बाद यहां पर लंबा जाम लग गया। इससे भारी गर्मी में पर्यटकों को परेशान होना पड़ा। एक घंटे तक वाहनों के पहिये थमे रहे। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी अनुसार चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर उतराई पर जा रहे एक ट्रक ने सामने से आ रहे तीन ट्रकों को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालकों को हल्की चोटें आई हैं। सड़क हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। इससे बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों के अनुसार चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर रविवार सुबह दस बजे रछोह पुल के पास स्वारघाट से बिलासपुर की तरफ जा रहे एक ट्रक (एचपी24सी-9527) की तीखे मोड़ पर ब्रेक न लगने के कारण बिलासपुर की तरफ से आ रहे तीन ट्रकों से टक्कर हो गई। हादसे के बाद लंबा जाम लग गया। देखते ही देखते जाम कई किलोमीटर लंबा हो गया। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के वाहन जाम में फंस गए। गर्मी होने के कारण पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही स्वारघाट थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल किया।
पुलिस थाना स्वारघाट के थाना प्रभारी संजय कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।