कस्बे के कांशीराम कालोनी के पास गुरुवार रात कुछ लोगों ने जूता व्यवसायी के पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह नहर किनारे स्थित खेत में उसका शव मिला तो सनसनी मच गई। मृतक के पिता ने दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के छोटी जुलेहटी मोहल्ला निवासी इकबाल अली की कोट बाजार में जूते की दुकान है। इकबाल ने बताया कि गुरुवार सुबह उसका पुत्र वासिद अली उर्फ राजा (21) घर से बारह खंबा पर नाश्ता करने गया था। शाम तक वह घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की। शुक्रवार सुबह कस्बे के कुछ लोग कांशीराम कालोनी के पास स्थित नहर कोठी गए तो उन्हें नहर के पास स्कूटी खड़ी देखी। पास जाकर देखा तो नहर किनारे बने रामशरण सोनी के खेत में युवक का शव पड़ा देखा। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की तलाशी ली।
उसकी जेब में मिले कागजातों के आधार पर उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस को शव के पास युवक का मोबाइल और टूटा सिम भी मिला। सीओ विजय त्रिपाठी, कोतवाली के एसएसआई अमर सिंह सहित भारी पुलिस बल ने छानबीन शुरू कर दी। पिता इकबाल ने पठनऊ मोहल्ला निवासी वसीम पुत्र शम्मी, शल्लू पुत्र लल्लन ड्राइवर और तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध गोली मारकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसआई अमर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।