बसपा के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के जोन कोआर्डिनेटर/एमएलसी
तिलकचंद्र अहिरवार ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित को सदर
विधानसभा का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। टिकट घोषणा के बाद से सत्ताधारी
दल के नेताओं ने अब नए सिरे से गोटें बिछानी शुरू कर दी हैं।
मंगलवार को
बसपा का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन मुख्यालय के एक गेस्ट हाउस में आयोजित
हुआ। जिसमें जिले भर के कार्यकर्ताओं का मुख्यालय में हुजूम उमड़ पड़ा।
वहीं पार्टी के दिग्गजों की संख्या भी अच्छी खासी रही।
जोनल
कोआर्डीनेटर/एमएलसी तिलकचंद्र अहिरवार ने पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ताओं
से कहा कि अब समय आ गया है। उन्होंने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संजय
दीक्षित को हमीरपुर सदर विधानसभा का अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा
की।
घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर प्रत्याशी बनाए जाने का
स्वागत किया। अधिकृत प्रत्याशी संजय दीक्षित ने कहा कि वह विधानसभा क्षेत्र
से अच्छे तरीके से वाकिफ हैं। कहा कि आप सब लोग सहयोग करें वह भी क्षेत्र
के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
इस दौरान एमएलसी नौशाद अली, सतीश
जाटव, जोनल कोआर्डिनेटर कमल दोहरे, विधायक/ जोन कोआर्डीनेटर गयाचरन दिनकर,
जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा, हफीज सिद्दकी, जिरगाम सिद्दीकी, वीरेंद्र
तिवारी, धनीराम नन्ना, अवधेश ज्ञानी आदि मौजूद रहे।