राठ में रुपये के साथ पकडे़ गए युवक से पूछताछ करते स्टैटिक टीम प्रभारी व पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
चेकिंग के दौरान स्टैटिक टीम और पुलिस ने रोडवेज बस में बैठे एक युवक के पास 10 लाख रुपये बरामद किए हैं। युवक कानपुर से राठ आ रहा था। पुलिस रुपये सीज कर दिए हैं। युवक से पूछताछ की जा रही है। युवक ने पुलिस को बताया कि वह राठ में जमीन खरीदने के लिए रुपये लेकर आया था।
शुक्रवार की रात करीब 12 बजे राठ डिपो की रोडवेज बस जैसे ही कस्बे के अंबेडकर चौराहे के पास पहुंची। वहां खड़ी स्टैटिक टीम ने बस रोक उसमें सवार यात्रियों की तलाशी शुरू कर दी। तलाशी में एक युवक के बैग में दो हजार के 500 नोट भरे थे। सूचना पर एसडीएम रामसुरेश वर्मा व सीओ विवेकानंद
तिवारी ने पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस की पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुनील कुमार पुत्र गयादीन निवासी लक्ष्मीपुरवा कानपुर बताया है। स्टैटिक टीम प्रभारी डा.नवल किशोर सचान व एसआई पीएन तिवारी ने बताया कि आरोपी युवक सुनील के अनुसार वह राठ में जमीन खरीदने
के लिए रुपये लेकर अपने बहनोई गिरजा प्रसाद निवासी फरसौलियाना के पास जा रहा था। कोतवाल गुलाब त्रिपाठी का कहना है कि बरामद नोटों को सीज कर दिया है। पकड़ा गया युवक कानपुर की आजाद नगर डिपो में ठेके पर गाड़ियों की सीट की सिलाई का काम करता है।