किशोरी को अगवा कर रिश्तेदार आरोपी उसे अहमदाबाद ले गया, जहां उसने दो सप्ताह तक उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी किशोरी को गांव छोड़कर भाग निकला। मौदहा कोतवाली पुलिस ने अपहरण करने का मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को पीड़िता का जिला महिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने बताया कि उसकी दीदी की जेठानी का लड़का अर्जुन पुत्र पैसुनी सिंह 13 मई को घर आया और उसे अहमदाबाद ले गया, जहां उसने उसके साथ दो सप्ताह तक दुष्कर्म किया। 29 मई को अर्जुन उसे गांव के बाहर छोड़ गया। वह घर पहुंची जहां उसने परिजनों को आपबीती बताई।
इधर परिजनों ने 15 मई को गुमशुदगी की तहरीर दी। मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। किशोरी के घर पहुंचने के बाद उसके पिता ने कोतवाली में अपहरण कर दुष्कर्म किए जाने की तहरीर दी, जिससे 11 जून को पुलिस ने नामजद आरोपी अर्जुन के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। और किशोरी को मेडिकल के लिए पुलिस अभिरक्षा में जिला महिला अस्पताल लाया गया। मौदहा कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच रिपोर्ट में दुष्कर्म की बात आती है तो दर्ज मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई जाएगी।