थाना कुरारा के डामर के निकट कालपी मार्ग में बाइक सवार बदमाशों ने लूट के
इरादे से बाइक सवार वृद्ध के सिर में लोहे की राड से हमला कर बेहोश कर
दिया। फिर बदमाश वृद्ध की जेब से 60 हजार रुपये व उसकी बाइक लेकर भाग
निकले। घायल को गंभीर हालत में कानपुर भेजा गया है।
पड़ोसी जनपद जालौन
जिले के कदौरा थानाक्षेत्र के अभिरवा गांव निवासी दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा
(60) मौजूदा समय में सुमेरपुर थानाक्षेत्र के पारा पंधरी गांव में रहता
है। शाम करीब 7 बजे दुर्गा प्रसाद अपने गांव से 60 हजार रुपये लेकर नई बाइक
से पारा पंधरी गांव जा रहा था।
तभी कालपी मार्ग पर सरसई-डामर गांव के बीच
पीछे लगे बदमाशों ने उसके सिर में लोहे की राड से हमलाकर दिया। जिस पर
वृद्ध बेहोश होकर सड़क में गिर पड़ा और बदमाश 60 हजार रुपये व बाइक लेकर
भाग निकले।
होश आने पर राहगीर उसे जिला अस्पताल ले गए। गंभीर हालत होने पर
उसे कानपुर रिफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि वृद्ध ने 11 मई को अपने
गांव की जमीन बेची थी। जिस पर बकाया 60 हजार रुपये लेकर वापस आ रहा था।
कदौरा से ही बदमाश उसके पीछे लग गए और घटना को अंजाम दिया। इस मामले में
थानाध्यक्ष शिवमिलन सिंह का कहना है कि इस मामले में किसी ने कोई भी
जानकारी नहीं दी है। आने पर कार्रवाई की जाएगी।