दस चक्का ट्रक चला रहे खलासी ने रोडवेज बस में टक्कर मार दी। जिससे बस चालक ने स्टेयरिंग छोड़ किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं, टक्कर से बस पर सवार नौ यात्री घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक चालक व खलासी को हिरासत में ले लिया है। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे हमीरपुर डिपो की बस में
करीब 55 यात्री सवार थे। बस महोबा जा रही थी। तभी कानपुर-सागर नेशनल हाइवे पर पुलिस चौकी कुछेछा के ठीक सामने महोबा की ओर से गिट्टी लादकर आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बस चालक की साइड टक्कर मार दी। टक्कर से बस के पीछे की सीटों में बैठे यात्री गिर गए। कोई यात्री सामने लगी लोहे
की राड से टकरा कर चुटहिल हुआ तो कई यात्री बस की छत में लगे लोहे की पाइप से टकराकर चुटहिल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक अब्दुल कादिर (45) निवासी मौदहा ने अपनी जान बचाने के लिए स्टेयरिंग छोड़ दी। दुर्घटना में जितेंद्र सुमेरपुर, इंगोहटा निवासी राजेंद्र, गीता, कुसुम,
मौदहा निवासी सत्तीदीन, अरविंद यादव, मौदहा निवासी अशोक, भारत व नरेश मामूली रूप से चुटहिल हुए हैं। बस के परिचालक फिरोज ने बताया कि ट्रक चालक हरीशंकर सो रहा था। खलासी संदीप ट्रक चला रहा था। वाहन चलाने में परिपक्व न होने के कारण यह दुर्घटना हुई है। कोतवाल पीके सिंह ने बताया कि चालक व खलासी को हिरासत में ले लिया गया है।
हाइवे में खड़े ट्रक बने मुसीबत
हमीरपुर। कुछेछा पुलिस और एआरटीओ द्वारा पकड़े जाने वाले भारी वाहन हाइवे स्थित चौकी के सामने हाइवे किनारे खड़े करा दिए जाते हैं। जिस पर जरा सी लापरवाही के कारण इस स्थान पर दुर्घटनाएं होती हैं। मौजूदा समय में आधा दर्जन से अधिक भारी वाहन हाइवे की सड़क में किनारे खड़े हैं जिससे मार्ग से वाहनों को गुजरने में खासी परेशानी हो रही है।