मौदहा ब्लाक के रीवन गांव के विद्यालय में विज्ञान लोकप्रिय एवं जागरूकता कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डा.रामचंद्र ने बच्चों की शिक्षा को अनिवार्य बताया। टीचरों की कमी दूर करने के लिए सरकार प्रयास कर रही है।
बीएसए ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से जिला विज्ञान क्लब नाटक, गीतों, कठपुतली नृत्य व जादू के जरिए वैज्ञानिक संदेश दे रहे हैं। सफाई हमारे जीवन के लिए आवश्यक है। स्वच्छता के लिए पंचायती राज एवं शिक्षा विभाग दृढ संकल्पित है।
खुले में शौच जाने का विरोध करते हुए कहा लोग पक्के शौचालय बनवाकर प्रयोग में लाएं। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा के प्रभारी डा.अनिल सचान ने अंध विश्वास व सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध ऐसे कार्यक्रम करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि यह गांव राज्य पोषण मिशन के तहत अंगीकृत है। गर्भवती माताओं और 0 से 5 वर्ष के बच्चों को आयरन की गोली लेना चाहिए। ताकि खून की कमी न हो। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा.राज ने कहा कि सब्जी पकाने के प्रयोग में कढ़ाही का इस्तेमाल करें।
जिससे परिवार के सदस्यों में आयरन की कमी न हो। आयोडीनयुक्त नमक को सब्जी दाल पकने के पश्चात डालें। विज्ञान क्लब के समन्वयक जीके द्विवेदी ने कार्यक्रम में अंध विश्वास व सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संकल्प दिलवाया। संचालक लखनलाल जोशी ने बच्चों की संस्कारित शिक्षा पर जोर दिया।
बाल विकास पुष्टाहार की सुपरवाइजर शशि सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। सुनील त्रिपाठी उर्फ डंडा गुरु ने विज्ञान क्लब के अभियान की सराहना की।
कार्यक्रम में लक्ष्मीनारायण सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने अशिक्षा के विरुद्ध नाटक पेश किया। लखनलाल राजपूत सांस्कृतिक दल ने जादूगर तथा कठपुतली नृत्य प्रस्तुत किया।