पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन बैठे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
राठ कोतवाली के मल्हौंवा गांव में मानसिक रूप से बीमार एक अधेड़ ने सब्जी की बारी में लगे नीम के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मल्हौंवा गांव निवासी जुझार कुशवाहा (45) पुत्र रतीराम कुशवाहा के पास करीब दो बीघा जमीन है। जिस पर वह सब्जी की खेती कर परिवार का गुजर बसर करता था। चचेरे भाई चंद्रप्रकाश ने बताया कि पिछले डेढ़ दशक से उसके भाई का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रह रहा था।
उसका ग्वालियर में इलाज चल रहा था। वह बीमारी के चलते परेशान रहा करता था। बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जुझार की पत्नी पुनिया जब खेत पर गई थी उसी दौरान सब्जी की बारी में नीम के पेड़ पर रस्सी से जुझार ने फांसी लगा ली।
काफी देर बाद जब ग्रामीणों ने शव पेड़ पर लटकता देखा तो हड़कंप मच गया। मृतक अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गया है। जुझार की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है