राठ में लूट की घटना की जानकारी देता नीलू
- फोटो : अमर उजाला
बहन की ननद की शादी में जा रहे युवक को तीन बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा अड़ाकर रोक लिया और मारपीट की। बाइक, 5600 रुपये और मोबाइल लूट कर ले गए। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली के गल्हिया गांव निवासी नीलू पुत्र रामकिशुन ने बताया कि मुस्करा थाने के बिहूनीखुर्द गांव में उसकी बहन की ससुराल है। शनिवार को बहन की ननद की शादी थी। शनिवार रात करीब 10 बजे वह बाइक से वहीं जा रहा था कि तभी राठ-हमीरपुर मार्ग पर साईं मंदिर के पास पहले से घात लगाए खडे़ बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर उसे रोक लिया।
एक बदमाश ने उसके सीने पर तमंचा अड़ा दिया, दूसरे बदमाश ने उसका मोबाइल छीन लिया और मारने पीटने लगा। बदमाश उसकी जेब में पड़े 5600 रुपये और बाइक लूटकर ले गए। उसे धमकी दी कि पुलिस में शिकायत की तो खैर नहीं। बाद में बदमाश राठ की ओर भाग निकले। कोतवाल घनश्याम पांडे ने बताया कि भुक्तभोगी की निशानदेही पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस आशंका के आधार पर कुछ बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने युवक का डाक्टरी परीक्षण कराया है।