क्षेत्र के जलालपुर गांव के पास बेतवा नदी पुल पर मंगलवार देर रात आधा दर्जन हथियार बंद लुटेराें ने आठ वाहन चालकों से मारपीट कर हजाराें की नगदी और मोबाइल लूट लिए। बचकर भागे लोडर मालिक ने पुलिस को घटना की तहरीर दी। मौके पर पहुंची जलालपुर थाना पुलिस ने घटना जनपद जालौन की सीमा में होने की बात कहकर पीड़िताें को कदौरा थाने का रास्ता दिखा चलता कर दिया।
मंगलवार देर रात करीब दस बजे बड़ागांव मौरंग खदान से सात ट्रक मौरंग लेकर जलालपुर गांव से बेतवा नदी पुल होकर जालौन जा रहे थे। पुल पर पहले से घात लगाए बैठे हथियार बंद लुटेराें ने ट्रकों को रोक लिया। तमंचे के बल पर चालकों से लूटपाट शुरू कर दी। इस बीच जलालपुर थाने के भेड़ी डांडा गांव के मजरा धरौंदा गांव निवासी लोडर मालिक रामकिशोर सब्जी लादकर कदौरा जाने के लिए पुल पर आया। रामकिशोर ने बताया कि लुटेराें ने पुल पर आड़े तिरछे ट्रक खड़े करवा दिए थे। सभी ट्रक चालकों से नगदी और मोबाइल लूट लिए।
तमंचा दिखाकर लोडर भी खड़ा करवा लिया। किसी तरह वह बच गया। लेकिन लोडर चालक कैलाश निवासी जलालपुर व गोपी निवासी खंडौत को लुटेरों ने पकड़ कर बंधक बना लिया। ट्रक चालकों से मारपीट और लूटपाट के बाद बदमाश लोडर में सवार हो गए। उन्हाेंने चालक कैलाश से चतेला की तरफ चलने को कहा। रास्ते में चदरसी गांव के पास लोडर बंद होने से गुस्साए लुटेरों ने कैलाश और गोपी की जमकर धुनाई की। सड़क किनारे सब्जी भरे लोडर को पलटाकर बदमाश भाग निकले।
रामकिशोर ने बताया कि लुटेरों ने हर चालक से आठ से दस हजार रुपये और मोबाइल लूटा है। मौके पर जलालपुर थाना पुलिस पहुंची। प्रभारी थानाध्यक्ष जलालपुर एसके त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ मौके पर गए थे। घटना कदौरा थानाक्षेत्र होने के कारण पीड़ितों से वहां जाने के लिए कहा है।
उधर कदौरा थानाध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लोडर चालक ने तहरीर दी थी। वह मौके पर गए तो कोई नहीं मिला। उन्होंने घटना हमीरपुर की होने की बात कही है।