मौदहा में बीडीओ कार्यालय का ताला लगा प्रदर्शन करते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
तीन माह से वेतन न मिलने से आक्रोशित ब्लाक कर्मचारियों ने बीडीओ को कार्यालय में बंद कर बाहर से ताला डाल दिया। अन्य कक्षों में भी ताला डाल कामकाज ठप कर दिया। बीडीओ समेत अन्य लोग करीब एक घंटे तक बंद रहे। कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इससे यहां काम के लिए आए ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खंड विकास कार्यालय में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को विभागीय लापरवाही की वजह से तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इस समस्या को लेकर उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर वेतन दिलाने की मांग की थी। मामले में कुछ होता न देख शुक्रवार को खंड विकास के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने कार्यालयों में ताला डाल नारेबाजी शुरू कर दी।
साथ ही वेतन न मिलने तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की घोषणा कर दी। इस मौके पर आक्रोशित कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी को कार्यालय में बंद कर बाहर से ताला डाल जमकर नारेबाजी की। इस बीच खंड विकास अधिकारी विजय शंकर शुक्ला व सचिव नसीम अहमद समेत अन्य लोग भी कार्यालय के अंदर बंद रहे।
लगभग एक घंटे बाद आक्रोशित कर्मचारियों ने बीडीओ के कार्यालय का ताला खोल दिया। इस मौके पर बृजमोहन पटेल एडीओ, अब्दुल समद, वली मोहम्मद, रामनारायण, नसीम अहमद व आशीष कुमार समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।