रक्षाबंधन पर घर जा रहे एक युवक को रोडवेज बस में जहर खुरानी गिरोह ने अपना शिकार बनाकर 15 हजार रुपये और मोबाइल पार कर दिया। बेहोशी की हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कस्बे के कांशीराम कालोनी निवासी लक्ष्मी प्रसाद सोनी का पुत्र आशीष (17) हैदराबाद में काम करता है। रक्षाबंधन पर वह अपने घर आ रहा था। बुधवार दोपहर झांसी रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वह राठ आने के लिए रोडवेज बस में बैठ गया। आशीष ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे जब बस मऊरानीपुर के पास पहुंची तो उसकी सीट पर बैठे दो युवकों ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने को दी।
बताया कि युवकों के बार-बार कहने पर उसने कोल्ड ड्रिंक पी ली। बताया कि कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया और उसे कुछ पता नहीं चला। शाम करीब चार बजे बस के राठ पहुंचने पर परिचालक ने सीट पर उसे बेहोशी की हालत में देखा तो अस्पताल में भर्ती कराया। इसी दौरान कुछ ई-रिक्शा चालकों ने उसे पहचान लिया और उसके परिजनों को खबर दी। इलाज के बाद गुरुवार सुबह उसे होश आया।