यमुना, बेतवा नदी की बाढ़ से मेरापुर गांव को बचाने
के लिए पिचिंग बनवाने तथा नहरों की क्षमता बढ़ाने की मांग मेरापुर के
ग्रामीण लगातार करते चले आ रहे हैं। मंगलवार को ग्रामीणों ने यमुना पुल के
पास हाइवे में जाम लगाकर प्रदर्शन किया। फिर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन
जिलाधिकारी को सौंपा।
यमुना व बेतवा नदी में बाढ़ से हर साल भारी
मात्रा में कटान होती है। जिससे लोग जहां बेघर हो जाते हैं वहीं लाखों का
नुकसान होता है।
अब तक बाढ़ व बरसात से करीब 150 बीघा कृषि योग्य भूमि तथा
100 से अधिक मकान नदियों की कटान में बह चुके हैं। सुरक्षा की दृष्टि से
मेरापुर के ग्रामीण कई वर्षों से नदियों के किनारे तटबंध बनवाने की मांग
कर रहे हैं।
वह कई उच्चाधिकारियों को ज्ञापन व प्रदर्शन कर चुके है
लेकिन उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मंगलवार को सुभाष
मेरापुरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर
प्रदर्शन करते हुए यमुना पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
आधा घंटे तक चले इस जाम की सूचना पर कोतवाल पीके यादव मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद ग्रामीणों ने
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
मुख्यमंत्री को भेजे
गए ज्ञापन में उनकी मांग है कि यमुना बेतवा नदी किनारे तटबंध बनवाए जाने,
सिंचाई के लिए नहरों की क्षमता बढ़ाए जाने व 10 सरकारी नलकूप लगवाए जाने की
मांग की है।
कहा कि अगर मांगो पर विचार नहीं किया गया तो वह आगे भी
प्रदर्शन जारी रखेंगे। इस मौके पर विजयकुमार, आकाश सिंह, मोहनलाल,
गयासचान, देवीदीन, देवीप्रसाद, राजेश निषाद, रामचंद्र सहित कई ग्रामीण
मौजूद रहे।
हाइवे में जाम लगाने 20 नामजद
राष्ट्रीय राजमार्ग में
प्रदर्शन कर जाम लगाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने 20 नामजद व करीब डेढ़
सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गौरतलब हो कि कोतवाली
क्षेत्र के मेरापुर, भिलावां के ग्रामीण यमुना व बेतवा नदी किनारे पिचिन
बनाए जाने व मेरापुर पंप कैनाल को पूरी क्षमता के साथ चलाए जाने की मांग को
लेकर अर्से से अंादोलित है। इसी को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने यमुना
पुल के पास हाईवे में जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने के बाद भी
प्रदर्शनकारी नहीं माने और जाम पर डटे रहे। कोतवाली के एसआई देवेंद्र कुमार
यादव की तहरीर पर 20 नामजद व 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।