सुमेरपुर विकासखंड के पौथिया गांव में खाद को लेकर किसानों ने समिति गोदाम
में जमकर हंगामा किया। राठ हमीरपुर मार्ग में बैंक के सामने खाद गोदाम में
खाद वितरण किए जाने की सूचना पाकर क्षेत्र के किसानों का सुबह से ही गोदाम
के पास जमावड़ा लग गया।
गौरतलब हो कि एक सप्ताह पूर्व दो ट्रक खाद आई
थी। तब से किसानों की नजरें खाद वितरण पर टिकी थी। खाद कम और किसानों की
संख्या ज्यादा देख सचिव योगेंद्र सिंह ने किसानों से पैसा जमा कराया और यह
कहकर चले गए कि एक ट्रक में 350 बोरी खाद और आनी है।
खाद के आते ही किसानों
को खाद वितरण की जाएगी। 4 जनवरी को दूसरी रैक आने पर गुरुवार का दिन खाद
वितरण के लिए तय किया गया था। जिससे किसानों की भीड़ लग गई।
खाताधारक
किसानों को खाद वितरण किए जाने को लेकर नगद लेने वाले किसानों ने हंगामा
काटना शुरू कर दिया। जिससे खाद गोदाम के अध्यक्ष, मंत्री, सदस्य आदि
पदाधिकारी एकत्र हो गए। तब सचिव योगेंद्र सिंह ने पुलिस का सहारा लेना
पड़ा। तब पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण हुआ।
सोसाइटी के अंतर्गत
उजनेड़ी, सहुरापुरा, सिकरी, ललपुरा, कलौलीजार, कुम्हऊपुर, पौथिया, महमूदपुर
आदि गांवो के किसान खाद लेने आए थे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की
खासी भीड़ लगी रही। किसान रामप्रकाश, राकेश व भरोसेलाल ने बताया कि उनका
खाता नही है। इसलिए उन्हें खाद नही मिली है। वह खाली हाथ वापस घर जा रहे
है।