पोस्टमार्टम हाउस में गुमशुम खड़े मृतका के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के कैथी गांव में युवती की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के पिता ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के साथ रेप की आशंका को देखते हुए स्लाइड बनाकर जांच को भेजी गई है। पिता ने गांव के दो युवकों पर हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया है। वहीं घटना के आरोपी दोनों युवक भूमिगत हो गए हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं आई। तहरीर मिलने पर जांचकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
थाना क्षेत्र के कैथी गांव में 23 मई की रात जलालुद्दीन की पुत्री परबीन फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। मृतका के पिता ने पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि वह पत्नी के साथ बांदा के रैपुरा गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए 22 मई को गया था। घर में विवाहिता राबिया व अविवाहित पुत्री कल्लो व परवीन थीं। बताया कि गर्मी से राबिया व कल्लो छत पर सो गई थी। परवीन राबिया की छह माह की पुत्री को लेकर घर के अंागन में सो रही थी। रात में किसी समय गांव निवासी बाबू पुत्र मुनीरा व सिद्दीक पुत्र इदरीश घर में घुस आए और परवीन से दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर मार डाला तथा शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
बड़ी बेटी की पुत्री के रोने पर राबिया छत से नीचे आई और उसने आरोपियों को भागते हुए देखा। उसने बताया कि यह आरोपी अपना मोबाइल घटना स्थल पर छोड़ गए। मोबाइल लेने के लिए एक आरोपी वापस आया। इससे उसकी बेटी राबिया की हाथापाई भी हुई। आरोपी मोबाइल मौके पर छोड़कर भाग निकला। 24 मई को पोस्टमार्टम कराया गया। रेप की घटना की जांच के लिए मृतका की स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजी गई है। उधर प्रभारी थानाध्यक्ष सतीशचंद्र यादव ने बताया कि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उधर घटना के बाद दोनों आरोपी भूमिगत हो गए है।