थानाक्षेत्र के ग्राम बंडवा में एक सप्ताह पूर्व हुई युवक की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पिता ने गैर इरादतन हत्या किए जाने के मामले में जहां सात लोगों को नामजद किया है। वहीं एक आरोपी के खिलाफ साजिश किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बंडवा निवासी आशाराम पुत्र जियालाल ढीमर ने प्रभारी निरीक्षक एमपी त्रिपाठी को दी तहरीर में कहा कि वह सपरिवार बुलंदशहर के रामघाट ईट भट्ठा में पथाई का काम कर रहा है। उसका पुत्र राजेंद्र (22) कुछ समय पूर्व गांव आया था। आठ मई को रामकुमार पुत्र श्रीपत लोधी व राजेंद्र के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ था और दोनों में मारपीट भी हुई थी। तब गांव वालों ने बीच बचाव किया था। बाद में रामकुमार, उसकी पत्नी राजकुमारी, अशोक कुमार व भानसिंह, धर्मेंद्र , मोहित निवासीगण बंडवा व रामसहोदर निवासी अकौना ने घर पहुंचे और उसकी वृद्ध मां व लड़के राजेंद्र को गाली गलौज करते हुए दरवाजा तोड़ने की कोशिश की।
नौ मई को सुबह छह बजे सुबोध उसके घर आया और राजेंद्र का पता पूछा। वह राजेंद्र को अपने साथ गांव की ओर ले गया। जहां रास्ते में पहले से मौजूद रामकुमार सहित अन्य ने उसे अपने मकान के अंदर खींच लिया। जहां उसके साथ मारपीट की। जिससे उसके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं और धमकी देकर छोड़ दिया। सूचना मिलने पर उसके भाई व भतीजों ने उसे सीएचसी मुस्करा में भर्ती कराया। हालात खराब होने पर जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सात आरोपियों के खिलाफ धारा 147/148/342/304 व सुबोध के खिलाफ धारा 120 बी का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।