अलग-अलग सड़क हादसों में दंपति समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पहले हादसे में कोतवाली के कुछेछा गांव के निकट हाइवे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार कर घायल कर दिया। कानपुर नगर के सजेती थानाक्षेत्र के पचखुरा गांव निवासी दयाशंकर (35) पुत्र रामआसरे अपनी पत्नी रामजानकी (30) के साथ रविवार सुबह करीब 11 बजे सुमेरपुर के बिरखेरा गांव से लौट रहा था।
कुछेछा के पास पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। उधर, इंटेलीजेंस ब्यूरो विभाग के सुशील बाइक पर शनिवार की देर शाम यमुना पुल की ओर जा रहे थे। तभी लक्ष्मीबाई तिराहा के पास मारुति कार को ओवरटेक करते समय डिवाइडर से टकरा गए। जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया।
राठ प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर हुईं मार्ग दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। ग्राम धमना निवासी छक्की (32) पुत्र बीरपाल बाइक से अपने गांव जा रहा था। बताया जाता है कि रास्ते में सामने जा रहे ट्रैक्टर ट्राली में उसकी बाइक असंतुलित होकर घुस गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कसबे के ही खुशीपुरा मुहल्ला निवासी रोहित (17) पुत्र रामप्रसाद, मुस्करा निवासी सोनू पुत्र राजबहादुर तथा महोबा जनपद के ग्राम सूपा निवासी दिलीप कुमार (22) पुत्र शिवराम मार्ग दुर्घटनाओं में घायल हो गए।