थानाक्षेत्र के पाटनपुर गांव में फसल कटाई करने के बाद परिजनों संग खेत में सो रहे बालक को मंगलवार रात करीब 11:30 बजे ट्रैक्टर ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक को कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। जहां बुधवार सुबह चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के मामा की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थानाक्षेत्र के भुगैचा गांव निवासी अमित (11) पुत्र छोटेलाल ननिहाल पाटनपुर निवासी सुरेश कुमार पुत्र हरीलाल प्रजापति के यहां आया था। मंगलवार को दिन भर खेतों में कटाई करने के बाद उसके परिजन खेत में रखी फसल के पास थ्रेसर का इंतजार करते-करते सो गए। अमित भी मां गीता, नानी व अन्य लोगाें के साथ वहीं सो गया।
रात करीब 11:30 बजे पाटनपुर निवासी संदीप पुत्र गुलबदन यादव बिना हेडलाइट का ट्रैक्टर लेकर खेत में चकरोड से गुजरा तो उसे वहां सो रहे लोग नहीं दिखे। उसने ट्रैक्टर अमित के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में अन्य लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद चालक संदीप ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। रात में ही परिजन घायल को लेकर सीएचसी मौदहा गए जहां, प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया। बुधवार सुबह करीब पांच बजे वह लोग कानपुर हैलट पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के मामा सुरेश की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धारा 279, 337 व 304 ए के तहत मुकदमा दर्जकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।