बिवांर कांड को लेकर मुख्यालय में चल रहे भाजपा के धरने मेंपूर्व सांसद
गंगाचरन राजपूत ने शामिल होकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने सपाइयों
की लाल टोपी पर कटाक्ष कर कहा कि यह टोपियां रोहित और स्वीकृति के खून से
रंगी हैं।
मंगलवार को धरने में भाजपाइयों की अच्छी खासी संख्या दिखी।
पूर्व सांसद ने धरने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की तो सपाइयों
को लुटेरा बताया। कहा कि सपाइयों की लाल रंग की टोपी रोहित व स्वीकृति के
खून से रंगी है।
कहा कि धन बटोरने वाली सरकार के नुमाइंदे अब बहन बेटियों
की इज्जत लूट रहे हैं। अवैध खनन पर चर्चा कर कहा कि साइकिल में चलने की
औकात नहीं थी, पूरी नदी खोद चार पहिया गाड़ी में घूम रहे हैं।
जनता को तभी
न्याय मिलेगा जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। रोहित पांडेय की हत्या
के दोषी पुलिस वाले जेल की चक्की में आटा पीसेंगे। इस दौरान बाबूराम निषाद,
विजय पांडेय, कुलदीप निषाद, गणेश यादव, अशोक तिवारी, राजकुमार शुक्ला आदि
ने संबोधित किया।
उधर, पाथादेवी मंदिर परिसर में महिलाओं का धरना
मंगलवार को भी जारी रहा। मंगलवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता युगराज सिंह
भदौरिया ने धरने पर पहुंचकर महिलाओं का मनोबल बढ़ाया। शाम के समय महिलाओं
ने कस्बे में मौन जुलूस भी निकाला। कस्बे की गलियों व चौपालों में इस बात
की बहस बनी हुई है।
कस्बे के व्यापारी भी डरते-डरते दुकानें खोल रहे हैं और
शाम होते ही अपनी दुकानें बंद कर देते है। व्यापारी भी चर्चा करते नजर आते
हैं कि जब तक पुलिस न्यायालय में चार्जशीट दाखिल नहीं कर देती। तब तक
स्थिति स्पष्ट नहीं होगी।