राठ के मियांपुरा में तोड़ा गया बक्सा व बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सुबह पड़ोसियों ने ताले टूटे देख पुलिस को सूचना दी। मकान मालिक के बाहर होने पर चोरी गए माल की जानकारी नहीं हो सकी है।
नगर के मियांपुरा निवासी वीरेंद्र सोनी पुत्र सिद्धगोपाल पांच दिन पूर्व अपने परिवार सहित वैष्णोदेवी की यात्रा पर गए हैं। वीरेंद्र सोनी कस्बे में स्टेट बैंक तिराहे के निकट मोटर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। बुधवार रात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी व बक्सों के ताले तोड़ कर चोरी की।
चोरों ने चोरी की घटना से पूर्व पड़ोसी देवेंद्र सक्सेना, रामपाल, नारायण, काशी प्रसाद सोनी, ज्ञानी सोनी, सुनील, पप्पू आदि के मकानों की कुंडी बाहर से बंद कर दी। सुबह मोहल्ले वालों ने जब ताले टूटे देखे तब चोरी की जानकारी हुई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मकान मालिक को सूचना दी गई है। कोतवाली के एसआई गौरव चौबे ने बताया कि मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। बताया कि मकान मालिक के वापस लौटने पर चोरी गए सामान की जानकारी हो सकेगी।