चोरों ने जमुनी चौराहे के मुन्नी साहू कटरा को बनाया निशाना
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। जमुनी चौराहा स्थित मुन्नी साहू कटरा में बुधवार की रात चोर सात दुकानों का शटर तोड़कर नकदी और सामान चुरा लेे गए। दुकानों में सेंटर लॉक नहीं होने से चोर शटर को लोहे की राड से बीच से उठाकर अंदर घुस गए। चोरी की घटना को लेकर व्यापारियों में गुस्सा है। उन्होंने पुलिस से घटना की जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है।
स्टेट बैंक के पास मुन्नीलाल के कटरे में लालचंद कश्यप, बालाजी पांडेय, विनोद कारूष, राकेश वर्मा, जुगुनू, डॉ.आरके चौहान और सेमरौना चौराहे पर अनिल कुमार की दुकान है। बुधवार रात चोरों ने लालचंद के सौंदर्य प्रसाधन की दुकान का शटर तोड़कर काउंटर से 40 हजार रुपये नकदी गायब कर दिया। दुकानदार लोन की किस्त जमा करने को काउंटर में रकम रखकर गया था। बालाजी पांडेय के सौंदर्य प्रसाधन की दुकान से चोरों ने पांच हजार रुपये नकदी, प्रियंका ब्यूटी पार्लर से 32 हजार रुपये, जुगुनू गिफ्ट कलेक्शन से दो हजार नकदी और सौंदर्य के महंगे सामान गायब कर दिए। चोरों ने स्टेट बैंक के एक गोदाम का भी शटर तोड़ दिया। गोदाम में बैंक से निकला खराब सामान रखा है। सुबह दुकान खोलने गए दुकानदारों ने शटर टूटा देख पुलिस को फोन किया। एक ही रात में सात दुकानों में चोरी को लेकर व्यापारियों ने पुलिस गश्त पर सवाल खड़ा किया। व्यापार मंडल के श्याम जायसवाल, छट्ठेलाल निगम, लल्लन गुप्ता, मनोज भाटिया, दीना चौरसिया आदि ने घटना का खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। कोतवाल गिरिजेश तिवारी ने कहा कि चोरों की धरपकड़ का प्रयास चल रहा है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करेगी।