जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने समाजवादी पेंशन लाभार्थियों का फिर से सत्यापन कराए जाने के निर्देश दिए है। कहा है कि अपात्रों के नाम तत्काल सूची से हटवाए जाएं।
शुक्रवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में ईओ व सभी खंडविकास अधिकारियों के साथ समाजवादी पेंशन योजना की समीक्षा की। कहा कि बाइक, ट्रैक्टर मालिक व काश्तकारों को योजना का लाभ न दें।
अधिकारियों से कहा कि यह मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है। बीपीएल सूची में किसी कारण वश गरीब असहाय भूमिहीन का नाम शामिल न होने पर उसे लाभ दिलाया जाए।
वे लोग गांवों में जाकर समाजवादी पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन करें। सत्यापन के दौरान किसी भी व्यक्ति की सिफारिश कतई न मानें किसी के दबाव में न आएं। उन्होंने सत्यापन कार्य 20 दिन के भीतर पूरा करने को कहा है।
डीएम ने ईओ व खंडविकास अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि 25 जुलाई के बाद किसी अपात्र का नाम उनके संज्ञान में आया तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्वच्छ शौचालय की समीक्षा करते हुए सफाई के प्रति सभी को टीम भावना से गांववासियों को जागरूक करने की बात कही। बैठक में सीडीओ अवधेश बहादुर सिंह ने बताया कि सरकार ने शौचालय के निर्माण के लिए बारह हजार रुपये की धनराशि घोषित की है, जिसका सही उपयोग करें।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी कृष्ण मुरारी, सचिव, अधिशासी अधिकारी आदि मौजूद रहे।