पुलिस हिरासत में हुई जसविंदर सिंह जस्सा की मौत मामले में जांच कर रही सीबीसीआईडी की टीम ने पुलिस लाइन पहुंचकर नामजद एक पुलिस कर्मी के आमद के बारे में आरआई से जानकारी ली। बाद में टीम ने किच्छा कोतवाली पहुंचकर भी जानकारी जुटाई।
मार्च में लालपुर निवासी दलित महिला की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। 21 अप्रैल को पुलिस ने लालपुर निवासी जसविंदर सिंह जस्सा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन उसकी पुलिस हिरासत में मौत हो गई। इस मामले में क्षेत्राधिकारी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
साथ ही जनता की मांग पर जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई थी। इधर शुक्रवार को सीबीसीआईडी के जांच अधिकारी रामीराम के नेतृत्व में एक टीम रुद्रपुर पुलिस लाइन पहुंची। जहां टीम ने मामले में नामजद और जस्सा को घर से बुलाकर ले जाने वाले पुलिस कर्मी के आमद के संबंध में कागजात देखे।
बताया जा रहा है कि जस्सा को घर से बुला ले जाने वाले सिपाही की तैनाती पुलभट्टा थाने में थी। वह लाइन में सीआर के लिए आया था। अधिकारियों के निर्देश पर वह जस्सा को घर से बुलाकर कोतवाली ले आया था।
इस पर उठे सवाल की जांच को टीम पुलिस लाइन पहुंची। इसके बाद टीम किच्छा के लिए रवाना हुई। टीम ने ग्राम रामेश्वरपुर का दौरा कर ग्रामीणों से जानकारी ली।