हमीरपुर। किसी बात से खुन्नस खाए भाई ने बड़े भाई के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। मगर कारतूस मिस हो जाने पर वह बाल-बाल बच गया। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने आरोपी को तमंचा के साथ गिरफ्तार कर थाना कुरारा ले गई।
कुरारा थानाक्षेत्र के ककरऊ गांव निवासी करन सिंह पुत्र बीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे घर में कार्य कर रहा था। तभी उसका भाई जगभान सिंह तमंचा लेकर आया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने तमंचे से उसके ऊपर फायर झोंक दिया। मगर मिस हो गया, जिससे गोली नहीं चली और वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद उसने पत्थरों से हमला किया, जिससे उसके शरीर में चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची यूपी 100 कर्मी आरोपी को मय तमंचा व तीन कारतूस के साथ पकड़कर कुरारा थाने ले गई। पीड़ित ने बताया कि भाई से उसकी कोई रंजिश नहीं है। किसी न किसी बात को लेकर वह उसे अक्सर परेशान करता है। बताया कि पिछले चार माह पहले जगभान की तबियत खराब थी, जिसमें डाक्टरों ने खून की कमी होना बताया था तब उसने बीमार भाई का साथ दिया और इलाज कराने गया था। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपी भाई के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। थानाध्यक्ष केके पांडेय ने बताया कि आरोपी को यूपी 100 पकड़कर लाई है। मगर उसके पास तमंचा व कारतूस नहीं मिले है।
भाई पर किया जानलेवा हमला, बाल बाल बचा
-यूपी 100 ने आरोपी को तमंचा के साथ किया गिरफ्तार