हमीरपुर। ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी है। सरीला में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक एसडीएम के नेतृत्व में एआरटीओ प्रशासन, पुलिस और प्रवर्तन अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जिसमें 70 ओवरलोड ट्रकों को पकड़ा गया। वहीं हमीरपुर व मौदहा क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान 30 ट्रकों का चालान हुआ। इन वाहनों पर करीब 41.15 लाख रुपये का जुर्माना परिवहन विभाग ने लगाया है।
सरीला प्रतिनिधि के अनुसार एआरटीओ प्रशासन नरेश कुमार वर्मा ने बताया एसडीएम सरीला रावेंद्र सिंह के नेतृत्व में जलालपुर थाने के कोतवाल वीरेंद्र प्रताप सिंह के साथ क्षेत्र में ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया। जिसमें मौरंग के 70 ओवरलोड ट्रकों का चालान कर 31 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है।
कार्रवाई बुधवार तड़के चार बजे तक जारी रही। हमीरपुर व मौदहा क्षेत्र में एआरटीओ प्रवर्तन रामवृक्ष सोनकर ने पुलिस के साथ ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई कर 26 ओवरलोड ट्रकों का चालान किया। परिवहन विभाग के पीटीओ ने टीम बनाकर चार ओवरलोड ट्रक पकड़े हैं।
अधिकारियों ने बताया 100 ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई करते हुए 41.15 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है। मालूम हो कि इस माह 700 से अधिक ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई कर करीब एक करोड़ से अधिक का जुर्माना किया जा चुका है। अभी तक 42 लाख रुपये राजस्व भी जमा हो गया है।
वाहनों का किया गया चालान, विभाग को मिलेगा 41 लाख का राजस्व
अमर उजाला ब्यूरो