मौदहा में पकड़ी गई शराब व आरोपी के साथ पुलिस व आबकारी टीम।
- फोटो : amar ujala
सिलौली गांव के एक मकान में शनिवार रात पुलिस और आबकारी टीम ने छापामार कर 22 पेटी शराब जब्त की है। एक ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो लोग फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि शराब दूसरे प्रांत से लाई गई थी और मिलावट कर यहां बेचा जाना था।
कोतवाली क्षेत्र में काफी अर्से से नकली शराब का कारोबार फल फूल रहा हैै। पिछले सप्ताह मौदहा पाटनपुर मार्ग पर काफी मात्रा में शराब सड़क किनारे पड़ी थी। आबकारी विभाग ने जांच के बाद उस शराब को नकली बताया था। शनिवार रात कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने ग्राम सिलौली में रजोला कुशवाहा के घर में छापेमारी की। जहां से 22 पेटी नकली शराब बरामद की है। यह शराब क्षेत्र में आपूर्ति के लिए आई थी।
पुलिस ने गिनती में इसे 990 क्वार्टर बताया है। मौके से हमीरपुर निवासी अजय साहू पुत्र शिव नारायन को गिरफ्तार किया है, जबकि सिलौली निवासी रजोला कुशवाहा व कुलदीप सिंह को भाग निकले। कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अजय को जेल भेज दिया है। अन्य दोनों आरोपियों की तलाश में छापे मार रही है। नकली शराब पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी पीके सिंह, एसआई संजय मिश्र, जितेेंद्र पांडेय, बुद्धिमान सिंह, सुनील वर्मा सहित आबकारी विभाग की टीम में निरीक्षक अंगद कुमार गोंड सहित अन्य को इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने उनकी पीठ थपथपाई है।