भरुआसुमेरपुर। गुरुवार रात रिमझिम इस्पात लिमिटेड में भट्ठी में उबाल आने से गर्म लोहा दूर-दूर तक छिटक गया, जिससे वहां काम कर रहे बारीमैन व हेल्पर झुलस गए। गंभीर हालत में झूलसे बारीमैन को उपचार के लिए कानपुर ले जाया गया। जबकि हेल्पर को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
कस्बे की उद्योग नगरी में संचालित रिमझिम इस्पात लिमिटेड के स्टील प्लांट में रात करीब 10 बजे बारीमैन की लापरवाही से भट्ठी में गर्म लोहा उबाल मार गया, जिससे भट्टी चला रहे बारीमैन ब्रजकिशोर (45) निवासी बरखेरा जनपद जालौन गंभीर रूप से झुलस गया। उसके साथी हेल्पर दयाराम साहू (30) निवासी चंदपुरवा को भी कुछ छींटे पड़ गए, जिससे वह भी मामूली रूप से जल गया। मजदूरों में इस घटना से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पाकर प्रबंधनतंत्र तत्काल मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से झुलसे बारी मैन को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए कानपुर भिजवाया। जबकि हेल्पर को फैक्ट्री के अंदर बने अस्पताल में भर्ती कर के उपचार किया गया। हेल्पर को सुबह घर भेज दिया गया है । फैक्ट्री के मैनेजर मनोज गुप्ता ने बताया कि घायल बारीमैन को बेहतर उपचार के लिए कानपुर में भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों से कहा गया है कि उपचार में किसी तरह की कोताही न बरती जाए। अचानक हुई इस घटना से मजदूरों में दहशत व्याप्त हो गई है ।
रिमझिम इस्पात में भट्ठी में उबाल आने से दो मजदूर झुलसे
-गंभीर हालत में बारीमैन को कानपुर में कराया गया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो