हमीरपुर। प्रवर्तन निदेशालय में केस दर्ज करने के बाद खनन से जुड़े 11 कारोबारियों को सम्मन जारी कर लखनऊ में सोमवार को तलब किया गया है। जिले में अवैध खनन को लेकर सीबीआई की जांच चल रही है। खनन कारोबारियों व उनसे जुड़े लोगों से लगातार पूछताछ हो रही है और उनके बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अवैध खनन व सिंडीकेट से जुड़े इन कारोबारियों ने अकूत संपत्ति एकत्र की है। इन कारोबारियों की संपत्ति की जांच करने के लिए सीबीआई ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को जांच के लिए पत्र भेजा था। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रवर्तन निदेशालय भारत सरकार लखनऊ के सहायक निदेशक सुशील कुमार ने 11 लोगों के खिलाफ सम्मन जारी करते हुए उन्हें लखनऊ पूछताछ के लिए सोमवार को तलब किया है।
निदेशक ने तत्कालीन जिलाधिकारी बी चंद्रकला, खनन अधिकारी मोईनुद्दीन, खनन लिपिक रामआसरे, पट्टा धारक एमएलसी रमेश कुमार मिश्र, दिनेश कुमार मिश्र, अंबिका तिवारी, संजय दीक्षित, सत्यदेव दीक्षित, राम अवतार सिंह, करन सिंह व आदिल खान के खिलाफ सम्मन जारी किया है।