अमर उजाला ब्यूरो
राठ (हमीरपुर)।
चिकासी थाने के इछौरा गांव में जानलेवा हमले में घायल महिला के पति ने गांव के एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि पिछले दो दिन पूर्व इछौरा निवासी प्रमोद कुमार की पत्नी आरती घर के बाहर चूड़ी खरीद रही थी। इसी दौरान गांव का दृगपाल पुत्र सूरज लोधी आया और गालीगलौज करने लगा था। प्रमोद ने बताया कि जब उसकी पत्नी ने उसे रोका तो तमंचे से गोली मार दी। गोली पत्नी के हाथ में जा धंसी। आरोपी दृगपाल शराब के नशे में था।
चिकित्सकों ने महिला को झांसी रेफर कर दिया। महिला के पति ने थाने में दृगपाल के विरुद्ध जान से मारने की नियत से गोली मारने और दलित एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उससे तमंचा बरामद किया है।