हमीरपुर। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ डीएम की सख्ती के चलते परिवहन विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों की दो टीमों ने मंगलवार रात हाईवे से लेकर राठ मार्ग, सरीला क्षेत्र में अभियान चलाया।
जिसमें दोनों टीमों ने करीब 45 ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर चालान किया है, वहीं दस ट्रकों को सीज कर दिया। पकड़े गए ट्रकों से परिवहन विभाग को करीब 10 लाख रुपये का राजस्व मिलेगा।
एआरटीओ रामवृक्ष सोनकर ने बताया एसडीएम सदर अजीत परेश, सीओ ओंकार के साथ संयुक्त रूप से हाईवे व राठ मार्ग पर ललपुरा तक ओवरलोड वाहन चेक किए गए। जिसमें 23 ओवरलोड ट्रक पकड़े, जबकि आठ ट्रकों को सीज किया है।
सरीला प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में एआरटीओ प्रशासन नरेश कुमार वर्मा, एसडीएम रविंद्र सिंह, तहसीलदार लक्ष्मण दास सिंह ने ओवरलोड पर की गई संयुक्त कार्रवाई में चिकासी के चंदवारी मार्ग पर 20 ट्रकों को ओवरलोडिंग में पकड़ा गया है व दो ट्रकों के कागजात न मिलने पर उन्हें सीज किया गया।
एआरटीओ ने बताया तीन ट्रक चंडौत गांव के पास भी ओवरलोडिंग में पकड़े गए हैं। पकड़े गए सभी ट्रकों में मौरंग भरी थी। ओवरलोड में पकड़े गए ट्रकों से करीब 10 लाख रुपये का शमन शुल्क निर्धारित किया गया है।
अभियान के दौरान ट्रक चालकों में हड़कंप मचा रहा। पकड़े गए ट्रकों को संबंधित थानों में खड़ा कराया गया है।
45 ओवरलोड ट्रकों का चालान, दस सीज
पकड़े गए ट्रकों से विभाग को मिलेगा करीब 10 लाख का राजस्व
अमर उजाला ब्यूरो