थाना ललपुरा के स्वासा मोड़ पर राठ मार्ग में मौरंग भरे ट्रक को खड़ा कर तीन बदमाशों ने तीन ट्रकों के चालकों को मारपीट कर हजारों रुपये लूट लिए। पीड़ित चालकों ने यूपी 100 को फोन करने के साथ थाने में तहरीर दी है।
थाना सुमेरपुर के चांदथोक मोहल्ला निवासी चुन्नूपाल ने बताया कि गुरुवार रात में ट्रक लेकर मौरंग खदान जा रहा था। बताया कि उसके पीछे दो और ट्रक चल रहे थे। जैसे ही वह लोग स्वासा मोड़ से थोड़ा आगे बढ़े।
तभी आगे सड़क पर एक मौरंग भरा ट्रक बेड़ा खड़ा होने से उसने अपना ट्रक रोक दिया। बताया कि ट्रक रोकते ही नकाबपोश तीन लोग उसकी खिड़की से लटक गए। तमंचा अड़ाकर उससे मौरंग के लिए रखे रोकड़ के 30 हजार रुपये लूट लिए। चालक ने बताया कि उसके पीछे आ रहे पांडेय फंटी के लगे दो ट्रकों के चालकों में एक से 20 हजार व दूसरे से 23 हजार रुपये लूट लिए।
लूट की घटना को लेकर उन्होंने यूपी 100 को फोन किया। जब तक पुलिस आई बदमाश भाग निकले। पीड़ित चालकों ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। वह आज ही आए हैं।