राठ। कोतवाली के बसेला गांव में एक घर से चोरों ने लाखों के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। बुधवार सुबह जब परिजन खेत से सिंचाई कर घर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
बसेला निवासी चरन सिंह पुत्र भज्जू लोधी ने बताया कि उसका पुत्र छत्रपाल अपनी बहन के यहां चिल्ली गांव गया था। वह पत्नी मीरा के साथ मंगलवार की शाम को खेत में सिंचाई करने चला गया। घर में ताला लगा हुआ था।
आधी रात के बाद चोर घर का ताला तोड़ अंदर घुस गए और बक्से को तोड़ उसमें रखे 10 हजार रुपये और सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, दो मनचली, पांच सोने की अंगूठी, एक सोने की जंजीर, दस भर की चांदी की तोड़ियां, सोने के बाला, चांदी के मीना, दस जोड़ी चूरा, नाक की कील, नथनी, हथफूल आदि गहने चोरी कर ले गए। चोरी की घटना से चरन की पत्नी मीरा बेहाल है। मीरा ने बताया करीब पांच लाख के जेवरात थे। कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि जांच कराई जा रही है।