हमीरपुर। बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में तीसरे दिन सोमवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रभा गुप्ता पीड़ित परिवार के घर पहुंची और परिजनों को ढाढ़स बंधाया। कहा वह उन्हें न्याय दिलाने के साथ हरसंभव सहायता दिलाने में मदद करेंगी। उनके साथ भाजपा महिला मोर्चा की महिला कार्यकर्ता, पूर्व विधायक युवराज सिंह, सदर एसडीएम आदि रहे। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया।
राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रभा गुप्ता सोमवार शाम करीब चार बजे गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मिली। बालिका के पिता व अन्य को ढाढ़स बंधाया। कहा परिवार को जल्द की मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। उन्होंने एसडीएम अजीत परेश, सीओ अनुराग सिंह व एसओ केके पांडेय को निर्देशित किया कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। इसके बाद वह घटना स्थल पर भी गईं। जहां उन्होंने कई लोगों के बयान भी लिए। इस मौके पर पूर्व विधायक युवराज सिंह, राधा चौरसिया, नीलम बाजपेई व अन्य मौजूद रहे।
बीरू की तलाश में जुटी पुलिस
हमीरपुर। बालिका के साथ रेप व हत्या कर शव फेंकने वाला मुख्य आरोपी घटना के तीसरे दिन भी पुलिस की टीमों के हाथ नहीं लग सका। फरार आरोपी बीरू के एक भाई व अन्य तीन युवकों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कुरारा थानाक्षेत्र के एक गांव में पिछले शनिवार की सुबह 11 वर्षीय अनुसूचित जाति की बालिका का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस की जांच में दो दरिंदों पर बालिका के साथ दुष्कर्म कर उसकी गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। रविवार मामले में पुलिस ने एक आरोपी पप्पू खां को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि फरार मुख्य आरोपी बीरू पुलिस पकड़ से दूर है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगी हैं। मगर अभी उसका कहीं सुराग नहीं लग सका है।
महिला आयोग की सदस्या ने मौका मुआयना किया
हरसंभव मदद का दिया भरोसा, सीएम कोष से आर्थिक मदद दिलाने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो