भरुआसुमेरपुर। थानाक्षेत्र के बड़ा कछार में शनिवार रात एक शादी समारोह में पहुंचे खदान संचालकों के गुर्गों ने लाइसेंसी असलहों से जमकर फायरिंग की। जिससे शादी समारोह में दहशत फैल गई। तमाम लोग किसी अनहोनी की आशंका से मौके से चले गए। सुबह फायरिंग का वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार की रात बड़ा कछार निवासी कमलेश निषाद की पुत्री की बरात पड़ोस के गांव पत्योरा से आई थी। इसमें शामिल होने के लिए पत्योरा में बालू खदान का संचालन करने वाले लोग भी शामिल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लोग शराब के नशे में धुत लड़की पक्ष के दरवाजे पर बज रहे डीजे की धुनों पर नाचने लगे। यह लोग अचानक अपने साथ लाए लाइसेंसी दोनाली व राइफल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग से लोगों में दहशत फैल गई और तमाम लोग किसी अनहोनी की आशंका से शादी समारोह से खिसकने लगे। आधा घंटा के बाद फायरिंग रुकी तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इस फायरिंग का वीडियो किसी ने रात में ही वायरल कर दिया। सुबह यह वीडियो मीडिया में छा गया।
मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने थानाध्यक्ष गिरेंद्र पाल सिंह को फायरिंग करने वालों को चिह्नित करके मुकदमा कायम करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष ने वीडियो देखकर फायरिंग करने वाले राम प्रकाश तिवारी हमीरपुर, इंतजार खान पौथिया एवं रामबाबू के खिलाफ धारा 336 एवं 30 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
मुकदमा दर्ज करने के बाद एसओ गिरेंद्र पाल सिंह चौकी इंचार्ज सुरौली अखिलेश यादव के साथ गांव पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाकर पुलिस अधीक्षक को भेज दी है। पुलिस के अनुसार फायरिंग करने वाले मौके पर नहीं मिले। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो